सोसायटी भवन में सेंधमारी कर 20 कट्टी चावल, दो कट्टी चना और एक कट्टी शक्कर की चोरी


कोरबा-पाली । पाली क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है। चोरों ने एक बार फिर सोसाइटी में रखे राशन को निशाना बनाया जहां सेंधमारी कर 20 कट्टी चावल, दो कट्टी चना और एक कट्टी शक्कर की चोरी कर ली। पाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है, पुलिस मामले की विवेचना में जुट गई है।


पाली थाना अंतर्गत बीते सप्ताह ही हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 6 घरों में चोरी की वारदात हुई थी। पाली पुलिस अभी इसकी पतासाजी में जुटी हुई है कि इसी कॉलोनी से महज 1 किलोमीटर दूर ग्राम केराझरिया के शासकीय उचित मूल्य की दुकान में बीती रात खाद्यान्न में से 10 क्विंटल चावल, 100 किलो चना, 50 किलो शक्कर की चोरी कर ली गई। बताया जाता है कि इस सोसाइटी में यह चोरी की तीसरी घटना है।

इससे पूर्व भी दो बार चोरी हुई जिसका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। लगातार चोरियों से आम जनता और असुरक्षित और भयभीत है वहीं पुलिस के लिए य़ह सिरदर्द साबित हो रहा है। चोरी के बढ़ते मामले पुलिस के लिए चुनौती बने हैं।