नराईबोध गोली कांड की बरसी पर दी गई श्रद्धांजलि, कार्यशाला आयोजित

कोरबा-भिलाईबाजार । नराईबोध गोली कांड की 27 वीं बरसी और भूविस्थापित एकजुटता दिवस के अवसर पर जमीन अधिग्रहण और पुनर्वास नीतियों के सबन्ध में प्रभावित क्षेत्र के ग्राम सभा और प्रतिनिधयों सहित आमजन को जागरूक करने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेम चंद पटेल भी उपस्थित रहे ।


कार्यक्रम के आरम्भ में स्व.गोपाल दास, फिरतु दास के छाया चित्र पर पुष्पांजलि दी गयी। कार्यशाला के प्रशिक्षक सुश्री बिपाशा पाल और एस आर नन्दी ने भूअर्जन के लिए देश में प्रचलित विभिन्न अधिनियमों की जानकारी दी और अर्जन की सम्पूर्ण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। वर्तमान भू अर्जन पुनर्वासन, पुनव्र्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता अधिकार अधिनियम 2013 की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिले में कोयला खदानों के लिए वर्ष 2010 में लागू कोल इण्डिया पालिसी को गैर वैधानिक कहा गया है और नया कानून 2013 के अनुसार पुनर्वास और सुविधाएं हासिल करने के लिए संगठित होने का आव्हान किया। प्रशिक्षकों ने बताया कि कोयला खदानों के लिए भूमि अर्जन में नए अधिनियम के कारण आने वाली अड़चनों और ग्राम सभा की अधिकार से वंचित करने कोल बेयरिंग एक्ट के तहत अर्जन किया जाता है जिसके खि़लाफ़ कानूनी लड़ाई की जरूरत बतायी।

ऐसी कार्यशाला होते रहनी चाहिए

इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र के लोगों के लिए इस तरह का आयोजन लगातार होते रहना चाहिए। उन्होंने जिला पुनर्वास समिति की बैठक के लिए विस्तृत ड्राफ्ट तैयार करने और जिला प्रभारी मंत्री से मुलाकात कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष सपूरन कुलदीप ने बताया कि कोरबा जिला पांचवी अनुसूची में शामिल है जिसमें ग्राम सभा को विशेष अधिकार है किंतु आद्योगिक विकास के लिए प्रोजेक्ट स्तर पर सबंधित ग्रामवासियों को बिना जानकारी फैसले लिए जा रहे हैं और बुनियादी बातों को मनमाफिक थोपा जा रहा है।

आयोजन में विजय पाल सिंह तंवर, रुद्रदास महंत, दीपक यादव, अनुसुईया राठौर, बसन्त कुमार कंवर, सन्तोष चौहान, ललित महिलांगे, जगदीश पटेल, कुलदीप सिंह राठौर, संतोष दास आदि ने योगदान दिया।