उखड़ी सडक़ों की मरम्मत और ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई करें

श्रम मंत्री ने निगम आयुक्त को लिखा पत्र

कोरबा । शहर की आधा दर्जन सडक़ों के डामरीकरण के कुछ महीने में ही उखड़ जाने से आम लोगों को हो रही परेशानी को वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने निगम आयुक्त को सडक़ की जल्द मरम्मत करने और ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई करने पत्र लिखा है।


मंत्री श्री देवांगन ने आयुक्त को लिखे पत्र में उल्लेख किया है की नगर पालिक निगम क्षेत्र अंतर्गत कोसाबाड़ी,  सीएसईबी चौक से बुधवारी, वीआईपी मार्ग,  निहारिका मार्ग पर 8 महीने पहले ही डामरीकरण निगम द्वारा कराया गया था। गुणवत्ताहीन एवम् भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाने के कारण उक्त मार्ग डामरीकृत गिट्टी उखड़ गई है, इससे धूल उडऩे के कारण आम जनता को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मंत्री श्री देवांगन ने सडक़ मरम्मत की नितांत आवश्यकता को देखते हुए जल्द सडक़ मरम्मत प्रारंभ करने कहा है। उन्होंने इतनी जल्दी सडक़ के पूरी तरह से उखड़ जाने पर निर्माण एजेंसी के घोर लापरवाही एवम भ्रष्टाचार में लिप्त होने का भी अंदेशा जताया है।

चुनाव से पहले भ्रष्टाचार का खामियाजा

ठीक विधानसभा चुनाव से पहले निगम द्वारा सडक़ डामरीकरण के नाम पर किए गए भ्रष्टाचार का आज जनता खामियाजा भुगत रही है। ऐसा पहली बार नहीं है, पिछले 5 वर्षो से हर बारिश के बाद शहर की सडक़ें इसी तरह उखड़ जा रही है।