तिरंगे के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें : कलेक्टर
कोरबा । हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में देशभक्ति से प्रेरित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को वाणिज्य, उद्योग व श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन की उपस्थिति में घण्टाघर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली ओपन थियेटर मैदान से प्रारम्भ होकर सीएसईबी चौक स्थित फुटबॉल ग्राउंड में संपन्न हुई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह गौरवान्वित करने वाला क्षण है। हम अपने तिरंगा का सम्मान करते हैं। यह हमारे देश की पहचान होने के साथ ही हम सभी भारतवासियों में देश प्रेम की भावना को विकसित करता है। हम सभी हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ें और देश के स्वतंत्रता सेनानियों, वीर सपूतों को सम्मान दें। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान के तहत आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होकर अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया।
कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश प्रेम की भावनाओं से जुड़ा है। देश की आजादी में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों की स्मृति में यह अभियान चलाया जा रहा है। हम सभी को तिरंगे के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर सदैव तिरंगे के मूल्यों के रास्ते में चलना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, निगमायुक्त श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाई, अपर कलेक्टर दिनेश नाग सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, आम नागरिक तथा स्कूली बच्चों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
विकास तथा प्रगति की शपथ, हस्ताक्षर अभियान भी
कैबिनेट मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, आम नागरिकों, स्कूली बच्चों को हर घर तिरंगा फहराने, भारत के स्वतंत्रता सेनानियों, वीर सपूतों की भावनाओं का सम्मान करने तथा भारत के विकास एवं प्रगति के लिए समर्पित रहने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में हर घर तिरंगा अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री, कलेक्टर, एसपी, निगमायुक्त सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बोर्ड पर हस्ताक्षर कर आमजनों से अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677