पूरी होर्डिंग उखाडक़र ले गए चोर

कोरबा । कोरबा से दर्री जाने वाले मार्ग पर मानस नगर के निकट मुख्य मार्ग के किनारे लगे एक विशाल होर्डिंग को अज्ञात चोर पूरा उखाड़ कर ले गये। इसकी रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।


कोरबा निवासी निर्मल कुमार जैन ने बताया कि उसके द्वारा एडवरटाइजर्स का एजेंसी लिया गया है। नगर निगम से अधिकृत बोर्ड शहर में विज्ञापन विनयमन कार्य हेतु लगाए गए हैं। उन्हीं में से एक होर्डिंग 200 मेगावाट पावर प्लांट जाने वाले मार्ग में पुल के पास सडक़ के किनारे सुरक्षित रूप से लगाया गया था।

5 अगस्त को दर्री की ओर से आते हुए देखा कि होर्डिंग को कोई अज्ञात चोर उखाड़ कर चोरी कर ले गया है। होर्डिंग की कीमत लगभग 1 से डेढ़ लाख रुपए है। श्री जैन की रिपोर्ट पर  सिविल लाइन पुलिस ने बीएनएस की धारा 302 (2) के तहत जुर्म दर्ज कर पतासाजी शुरू कर दी है।