कोरबा। गोमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा और समर्पण का भाव कुदुरमाल स्थित जय मां भवानी गौशाला सेवा समिति में गोपाष्टमी पर्व के अवसर पर देखने को मिला। गौशाला परिसर में गोपाष्टमी पारंपरिक रीति-रिवाजों और भक्तिमय माहौल में उत्साह के साथ मनाई गई। आयोजन में आसपास के गांवों से पहुंचे दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने गौमाता की भव्य महाआरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। पूरे परिसर में भजन, जयघोष और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
गौशाला के संरक्षक पंडित देवेन्द्र पाण्डेय सहित उनके परिजनों और सहयोगियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गौवंश की पूजा-अर्चना की। गौमाता को गुड़-चना, फल एवं विभिन्न व्यंजन अर्पित कर सेवा की गई। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती कर गौमाता के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की और गौवंश के संरक्षण एवं सेवा का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर पंडित देवेन्द्र पाण्डेय ने गौवंश के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में गौवंश का विशेष स्थान है। गौसेवा और संरक्षण हमारी परंपरा, आस्था तथा सामाजिक जिम्मेदारी का अभिन्न हिस्सा है।
आयोजन के दौरान भजन संगीत ने भी श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। भजन गायक देवेश शर्मा ने रात 11 बजे तक अपनी प्रस्तुतियों से गौशाला परिसर को भक्तिमय बनाए रखा। श्रद्धालु भजनों के साथ देर रात तक धार्मिक उत्सव में सहभागी बने रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
