ग्रेड पे और वेतनमान में सुधार की मांग पर नर्सिंग संवर्ग का अनिश्चितकालीन आंदोलन

0 करीब 14 वर्षों से वेतन विसंगति दूर करने की मांग, नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने चिकित्सा महाविद्यालय प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन

कोरबा। ग्रेड पे और केंद्रीय वेतनमान के अनुरूप वेतन सुधार सहित लंबित मांगों को लेकर नर्सिंग संवर्ग ने अनिश्चितकालीन आंदोलन का रास्ता अपनाया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने कोरबा स्थित स्वर्गीय बिसाहूदास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय में प्रदर्शन करते हुए आंदोलन शुरू करने की सूचना प्रबंधन को दी है। इस संबंध में अधिष्ठाता को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की गई है।

एसोसिएशन का आरोप है कि चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत नर्सिंग संवर्ग को केंद्रीय वेतनमान के अनुरूप लाभ नहीं मिल रहा है, जबकि चिकित्सक संवर्ग और अन्य पैरामेडिकल कर्मचारियों को केंद्रीय वेतन आयोग के अनुरूप वेतनमान का लाभ दिया जा रहा है। वर्ष 2012 में चिकित्सा शिक्षा विभाग के भर्ती नियम लागू होने के बाद से नर्सिंग संवर्ग इस वेतन विसंगति को दूर करने की मांग कर रहा है। एसोसिएशन के अनुसार, इस मुद्दे पर कर्मचारी करीब 14 वर्षों से संघर्षरत हैं।

एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष शांति कंवर ने कहा कि नर्सिंग कर्मचारियों ने अपनी जायज मांगों को लेकर कई बार आंदोलन किया, लेकिन अब तक अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं। वर्ष 2018 में 16 दिनों तक आंदोलन किया गया था। इसके बाद सितंबर 2018 में गठित समिति ने अपनी रिपोर्ट भी सौंप दी, लेकिन उसकी अनुशंसाओं पर अमल नहीं हुआ। वर्ष 2021 और 2023 में भी आंदोलन किए गए, बावजूद इसके ग्रेड पे और वेतनमान में सुधार की मांग लंबित है।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में नर्सिंग कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा की। अनेक कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखीं, लेकिन उनकी वेतन संबंधी मांगों पर अब तक सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। ऐसे में कर्मचारियों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा है।

एसोसिएशन ने शासन से ग्रेड पे निर्धारित करने, केंद्रीय वेतनमान के अनुरूप वेतन सुधार और अन्य लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि मांगों के निराकरण तक आंदोलन जारी रहेगा।