गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व से पहले सिख समाज ने निकाला नगर कीर्तन

कोरबा। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व को लेकर सिख समाज में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। कार्तिक पूर्णिमा पर प्रकाश पर्व मनाने की तैयारियों के बीच सिख समाज की ओर से शारदा विहार-अमरैय्यापारा क्षेत्र में नगर कीर्तन निकाला जा रहा है। पिछले दो दिनों से सुबह आयोजित नगर कीर्तन में समाज के युवाओं, पुरुषों और महिलाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता हो रही है।

नगर कीर्तन के माध्यम से गुरुग्रंथ साहिब की वाणी और गुरु नानक देव के संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ शामिल होकर गुरु के बताए मार्ग पर चलने, सेवा, सद्भाव और मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में जुटे हैं। समाज की ओर से बताया गया कि कार्तिक पूर्णिमा तक सुबह नगर कीर्तन का सिलसिला जारी रहेगा।

प्रकाश पर्व के अंतिम दिन ट्रांसपोर्ट नगर गुरुद्वारा परिसर में अखंड पाठ का समापन होगा। इस अवसर पर गुरुवाणी, शब्द कीर्तन और दर्शन-पूजन सहित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पर्व को लेकर सिख समाज की ओर से तैयारियां की जा रही हैं तथा श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।