कृषि महाविद्यालय में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

कोरबा।कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कटघोरा में अंतरकक्षा वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. राजेश कुमार साहू ने किया।

इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद से शरीर स्वस्थ रहता है और विद्यार्थियों में अनुशासन, प्रतिस्पर्धा तथा टीम भावना का विकास होता है।

खेल प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, भाला फेंक, कबड्डी, टेबल टेनिस, लंबी कूद, ऊंची कूद, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और खो-खो सहित विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर चयनित विद्यार्थी आगे महाविद्यालय और विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे। उन्हें विश्वविद्यालय एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर भी मिल सकता है।

आयोजन में डॉ. रोशन भारद्वाज, डॉ. तरुण कुर्रे, डॉ. देवेंद्र साहू, डॉ. चेतना बंजारे, डॉ. योगिता कश्यप सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने सहयोग किया।