अन्वेषा, देवांशी, निमित और अमन राज्य स्तरीय बैडमिंटन स्पर्धा में दिखाएंगे दम

कोरबा।रायगढ़ में 30 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित होने वाली योनेक्स-सनराइज 25वीं राज्य स्तरीय अंडर-15 एवं अंडर-17 बैडमिंटन प्रतियोगिता में कोरबा जिले के चार खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इनमें अन्वेषा निर्मलकर, देवांशी बरेठ, निमित चौरसिया और अमन स्वर्णकार शामिल हैं। चारों खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता रहकर राज्य स्तरीय स्पर्धा के मेन ड्रॉ में सीधे प्रवेश के लिए क्वालीफाई किया है।

प्रतियोगिता में अन्वेषा निर्मलकर अंडर-15 बालिका वर्ग, देवांशी बरेठ अंडर-17 बालिका वर्ग, निमित चौरसिया अंडर-15 बालक वर्ग और अमन स्वर्णकार अंडर-17 बालक वर्ग में कोरबा का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयन के लिए आयोजित ट्रायल में 35 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।

कोरबा के चार खिलाड़ियों के चयन से जिले के बैडमिंटन खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह है।जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल सहित मनीष गुप्ता, गोपाल शर्मा, श्याम किशोर अग्रवाल, अमरजीत सिंह, गौतम साहू और कल्पना फेलिक्स ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन और सफलता की उम्मीद जताई है।