घंटाघर से जिला कार्यालय तक होगा प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
कोरबा।लंबित मांगों के निराकरण को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल रहे राजस्व पटवारी अब सड़क पर उतरकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करेंगे। राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़, जिला कोरबा ने 28 अक्टूबर 2026, बुधवार को जिला मुख्यालय में विशाल शांतिपूर्ण रैली निकालने का निर्णय लिया है। रैली के बाद मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांगों के निराकरण के लिए ठोस पहल करने की मांग की जाएगी।
संघ के अनुसार, पटवारी 13 अक्टूबर 2026 से अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। 13 दिनों से जारी आंदोलन के बावजूद मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे पटवारियों ने अब रैली के माध्यम से शासन-प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने की तैयारी की है।
संघ को उम्मीद है कि इस प्रदर्शन के बाद उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर निराकरण की दिशा में पहल की जाएगी।
घंटाघर चौक से जिला कार्यालय तक निकलेगी रैली
संघ की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, 28 अक्टूबर को रैली घंटाघर चौक से शुरू होगी। यहां से रैली सुभाष चौक और कोसाबाड़ी चौक होते हुए जिला कार्यालय पहुंचेगी। वहां पटवारी संघ के पदाधिकारी और सदस्य मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।
रैली को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संघ ने पुलिस अधीक्षक, कोरबा को कार्यक्रम की सूचना दी है। साथ ही रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सहयोग भी मांगा है।
पटवारी संघ का कहना है कि उनकी लंबित एवं न्यायसंगत मांगों का निराकरण किया जाना जरूरी है। संघ ने शासन- प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।


Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















