चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर कोरबा में अलर्ट, 28-29 अक्टूबर को बारिश की आशंका

कोरबा।बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ में बदलने की संभावना को देखते हुए कोरबा जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसके प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को जिले में बारिश के साथ आंधी-तूफान की आशंका है। संभावित मौसम परिवर्तन से निपटने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम), तहसीलदार, थाना प्रभारी, भू-अभिलेख शाखा, नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, स्वास्थ्य विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारियों से चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए अधिकारी और उनकी टीमें उपलब्ध रहें।

सभी संबंधित अधिकारी अपने फोन चालू रखें तथा क्षेत्र में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने नागरिकों से भी मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने, जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों पर अमल करने की अपील की।

बैठक में जिला पंचायत के सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज और अधीक्षक भू-अभिलेख अमित झा सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी, जनपद पंचायतों के सीईओ, नगर पालिकाओं के सीएमओ तथा स्वास्थ्य और विद्युत विभाग के अधिकारी भी जुड़े रहे।

बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
संभावित आंधी-तूफान के मद्देनजर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) को बिजली लाइनों का पूर्व निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिन स्थानों पर पेड़ों की डालियों से बिजली लाइनों के प्रभावित होने की आशंका है, वहां आवश्यक छंटाई कराई जाएगी।

विद्युत विभाग को लाइनमैन, ट्रांसफॉर्मर और मरम्मत से जुड़े अन्य संसाधन तैयार रखने के लिए कहा गया है। जिले के सभी पांच विद्युत आपूर्ति डिवीजनों को अलर्ट रहने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को लगातार जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने संभावित मौसम परिस्थितियों को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।