पुलिस स्मृति दिवस पर वीर बलिदानियों को किया नमन

कोरबा। राष्ट्र की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों की स्मृति में मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय परिसर स्थित अमर ज्योति जवान स्मारक के पास श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा समाजसेवा से जुड़े लोगों ने वीर जवानों को नमन करते हुए पुष्पचक्र अर्पित किए और उनके बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और पूर्व साडा उपाध्यक्ष मूरित राम साहू सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने देश की रक्षा और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

जवानों का बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा : जयसिंह अग्रवाल

पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था की रक्षा के लिए पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों द्वारा दिया गया बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। कर्तव्य के प्रति समर्पित होकर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को देश कभी नहीं भूल सकता।

उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि देशसेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों की स्मृति और उनका त्याग हमेशा हमारे हृदय में जीवित रहेगा। उनका साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन देश की सुरक्षा में शहीद हुए जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। इस दिन उन वीरों को याद किया जाता है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए देश और नागरिकों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।