कोरबा।शारदीय नवरात्र पर्व के समापन के साथ ही औद्योगिक नगरी कोरबा में मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया। शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के बाद मां भगवती को भावपूर्ण विदाई दी गई। इस दौरान कई पंडालों में बंगाली परंपरा के अनुरूप सिंदूर खेला की रस्म निभाई गई। सुहागिन महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इसके बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर इस पारंपरिक उत्सव में सहभागिता निभाई।
सिंदूर खेला में झलकी आस्था और परंपरा
सिंदूर खेला के दौरान पूजा पंडालों में उत्साह के साथ भावुकता का माहौल भी देखने को मिला। महिलाओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर उन्हें सिंदूर अर्पित किया और अपने परिवार की सुख-शांति तथा समृद्धि की प्रार्थना की।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। मां दुर्गा की विदाई के समय श्रद्धालुओं ने नम आंखों से अगले वर्ष फिर आने का निमंत्रण दिया।
ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच प्रतिमा विसर्जन
पूजा समितियों और श्रद्धालुओं की सहभागिता से दुर्गा प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्तिमय गीतों और मां दुर्गा के जयकारों के बीच श्रद्धालु विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। नौ दिनों तक चले पूजा-पाठ, धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद नवरात्र पर्व का समापन हुआ। मां की विदाई के साथ ही पूजा पंडालों में अगले वर्ष उनके पुनः आगमन की प्रतीक्षा का भाव दिखाई दिया।
विसर्जन घाटों पर प्रशासन ने किए इंतजाम
दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन की ओर से विभिन्न घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। मानिकपुर पोखरी, हसदेव घाट, ढेंगुरनाला और कोहड़िया नहर क्षेत्र में बनाए गए विसर्जन घाटों पर रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम किए गए, ताकि श्रद्धालु व्यवस्थित तरीके से प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकें। पर्व के समापन के साथ शहर में नौ दिनों से जारी धार्मिक उत्साह और उत्सव का दौर संपन्न हुआ।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















