अहंकार का अंत निश्चित,सत्य के मार्ग पर चलें: लखन लाल
कोरबा।विजयादशमी के पावन अवसर पर एचटीपीएस दर्री के लाल मैदान में भगवान श्रीराम के जयघोष के बीच 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। आतिशी प्रभावों से सुसज्जित रावण के पुतले ने उपस्थित जनसमूह का ध्यान आकर्षित किया। रावण दहन के रोमांचक दृश्य को लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
इस वर्ष भी लाल मैदान में रावण का 120 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया था। सीएसईबी के टेक्नोक्रेट, कर्मचारियों और कारीगरों ने करीब एक महीने की मेहनत से इसे तैयार किया। पुतले के निर्माण के लिए आवश्यक संसाधन और तकनीकी सहयोग भी सीएसईबी की ओर से उपलब्ध कराया गया था। विजयादशमी पर विधिवत आयोजन के बाद पुतले का दहन किया गया, जिसके साथ ही मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
अहंकार के कारण रावण का हुआ सर्वनाश : देवांगन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन ने उपस्थित लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और हर व्यक्ति के जीवन में सुख-शांति का वास हो।
मंत्री देवांगन ने कहा कि रावण अपनी शक्ति और सामर्थ्य के बावजूद अहंकार के कारण विनाश को प्राप्त हुआ। अहंकार ने उसकी स्वर्णनगरी लंका का सर्वनाश कराया और अंततः भगवान श्रीराम के हाथों उसका अंत हुआ। रावण दहन हमें संदेश देता है कि जीवन में बुराइयों, अहंकार और नकारात्मकता का त्याग कर सत्य तथा धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
श्रीराम-लक्ष्मण की झांकी की पूजा-अर्चना
रावण दहन कार्यक्रम से पहले आवासीय कॉलोनी से निकाली गई भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की झांकी का मंत्री देवांगन ने पूजन-अर्चन किया। कार्यक्रम में एचटीपीएस कोरबा पश्चिम के कार्यपालक निदेशक एचके सिंह ने मंत्री देवांगन का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया।
कार्यपालक निदेशक सिंह ने अपने स्वागत उद्बोधन में दशहरा उत्सव में शामिल होने पहुंचे नागरिकों का अभिनंदन किया।
उन्होंने रावण का विशाल पुतला तैयार करने वाले कर्मचारियों और कारीगरों के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
दशहरा उत्सव में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















