कोरबा।कटघोरा विकासखंड के चाकाबुड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. सपना खैरवार की पदस्थापना करने की मांग उठी है। जवाली मंडल भाजपा के मंत्री ईश्वर बघेल ने इस संबंध में कलेक्टर को पत्र लिखकर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
ईश्वर बघेल ने पत्र में उल्लेख किया है कि चाकाबुड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाएं उपचार के लिए पहुंचती हैं,लेकिन यहां स्त्री रोग विशेषज्ञ की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को महिला संबंधी बीमारियों के उपचार के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ सकता है।
पदस्थापना के बावजूद नहीं मिल रहा लाभ
ईश्वर बघेल के अनुसार, प्रदेश सरकार द्वारा डॉ. सपना खैरवार की पदस्थापना चाकाबुड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में की गई है, लेकिन वे वर्तमान में अन्य स्थान पर सेवाएं दे रही हैं। इसके चलते संबंधित स्वास्थ्य केंद्र में उनकी सेवाओं का लाभ स्थानीय महिलाओं को नहीं मिल पा रहा है।
महिलाओं की स्वास्थ्य सुविधाओं पर दिया जोर
ईश्वर बघेल ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि ग्रामीण महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए डॉ. सपना खैरवार की पदस्थापना उनके निर्धारित कार्यस्थल चाकाबुड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस पहल से क्षेत्र की बड़ी आबादी को लाभ मिल सकता है और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















