केएनआर के नए कॉन्ट्रैक्ट पैच में खनन कार्यों का जायजा लेने पहुंचे कोल इंडिया चेयरमैन

कुसमुंडा मेगा परियोजना में उत्पादन लक्ष्य और परिचालन चुनौतियों की समीक्षा,अधिकारियों के साथ की चर्चा

कोरबा। कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईराम ने रविवार को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की कुसमुंडा मेगा परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खदान के विभिन्न माइनिंग पैचों में चल रहे कोयला उत्पादन, ओवरबर्डन रिमूवल और अन्य परिचालन गतिविधियों का जायजा लिया।

उन्होंने विशेष रूप से केएनआर के नए कॉन्ट्रैक्ट पैच में चल रहे खनन कार्यों का निरीक्षण करते हुए निर्धारित उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के लिए आवश्यक कदमों पर अधिकारियों से चर्चा की।

चेयरमैन बी. साईराम ने कुसमुंडा खदान के व्यू पॉइंट से खनन गतिविधियों का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने विभागीय माइनिंग पैच का दौरा कर वहां संचालित खनन कार्यों और उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने केएनआर के नए कॉन्ट्रैक्ट पैच में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। इसके साथ ही नीलकंठ फेस का निरीक्षण कर कोल फेस की स्थिति, एक्सपोजर और खनन गतिविधियों का जायजा लिया।

उत्पादन लक्ष्य हासिल करने पर जोर
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने कुसमुंडा परियोजना के निर्धारित उत्पादन लक्ष्य को हासिल करने पर जोर दिया। उन्होंने उत्पादन बढ़ाने में आ रही बाधाओं और परिचालन संबंधी चुनौतियों की समीक्षा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ खनन गतिविधियों को गति देने से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया।

अधिकारियों और संविदा एजेंसियों के साथ बैठक
मैदानी निरीक्षण के बाद चेयरमैन ने कुसमुंडा क्षेत्र के अधिकारियों, संविदा एजेंसियों के प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ बैठक की। इसमें उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति, खनन कार्यों में समन्वय और परिचालन संबंधी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में उत्पादन बढ़ाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में कार्यों को गति देने से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।

बैठक में एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस अवसर पर निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक तकनीकी (योजना एवं परियोजना) नृपेन्द्र नाथ, जीएम पाटिल, अशोक साहू, संजय मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।