रात के अंधेरे में डोजर सेक्शन में घुसे थे आरोपी, सीआईएसएफ की क्विक रिस्पांस टीम ने दबोचा
कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के गेवरा-दीपका कोलफील्ड स्थित डोजर सेक्शन में डीजल चोरी के मामले में सीआईएसएफ की क्विक रिस्पांस टीम ने दो लोगों को पकड़ा है। टीम ने उनके कब्जे से करीब 200 लीटर डीजल बरामद किया है। दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
पकड़े गए दोनों लोगों के कुचेना और चेतमा क्षेत्र के निवासी होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों खदान के आउटर क्षेत्र से डोजर सेक्शन तक पहुंचे थे। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वाहनों से डीजल निकालने के बाद वे वहां से निकलने की तैयारी में थे। इसी दौरान क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना सीआईएसएफ की क्विक रिस्पांस टीम को मिली।
सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 200 लीटर डीजल बरामद किया गया। प्राथमिक पूछताछ में दोनों से चोरी से संबंधित जानकारी ली गई है। सीआईएसएफ ने अपनी ओर से आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद मामले को दीपका पुलिस के सुपुर्द करने की तैयारी की है।
पहले भी स्क्रैप, कोयला और डीजल चोरी पर कार्रवाई
खदान क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए सीआईएसएफ द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले भी अलग-अलग मामलों में स्क्रैप, कोयला और डीजल चोरी के आरोप में लोगों को पकड़ा जा चुका है। ताजा कार्रवाई को भी इसी अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।
चोरी रोकने सीआईएसएफ तैयार कर रहा नया तंत्र
इधर, एसईसीएल सहित अन्य कोयला कंपनियों के खदान क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सीआईएसएफ द्वारा अलग कार्ययोजना तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि अधिकतम छह माह के भीतर इस व्यवस्था को जमीन पर लागू करने की योजना है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत चोरी की घटनाओं में पकड़े जाने वाले आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई को अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की तैयारी है। इसका उद्देश्य खदान क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के साथ ही कार्रवाई की प्रक्रिया में लगने वाले समय को कम करना बताया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















