बांकीमोंगरा-कुसमुंडा में बिजली संकट पर विपक्ष का अल्टीमेटम

AE को सौंपा ज्ञापन, 7 दिन में अघोषित कटौती बंद करने और जर्जर खंभे-तार दुरुस्त करने की मांग; समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

कोरबा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र में लगातार बनी बिजली समस्या को लेकर विपक्षी पार्षदों ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (AE) पंकज सिंह नरपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने क्षेत्र में हो रही अघोषित विद्युत कटौती पर तत्काल रोक लगाने के साथ जर्जर विद्युत खंभों को बदलने और लटकते तारों की मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने समस्याओं का 7 दिवस के भीतर निराकरण नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

हल्की हवा-बारिश में गुल हो जाती है बिजली
नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि बांकीमोंगरा और कुसमुंडा क्षेत्र में कई समस्याएं हैं, लेकिन वर्तमान में बिजली व्यवस्था सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है।

उनका आरोप है कि हल्की हवा चलने पर बिजली गुल हो जाती है और बारिश की शुरुआत होते ही विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी जाती है। इससे आम लोगों को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने पर बिजली गुल होने को लोग समझ भी लेते हैं, लेकिन मौसम सामान्य रहने के बावजूद घंटों बिजली बंद रहना उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।

एक माह में समाधान का दिया था भरोसा
पार्षदों के अनुसार, कुछ माह पूर्व नगर पालिका बांकीमोंगरा कार्यालय में विद्युत संबंधी समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में बिंदुवार समस्याओं का एक माह के भीतर निराकरण करने की बात कही गई थी।

निर्धारित अवधि बीतने के बावजूद जमीनी स्तर पर अपेक्षित सुधार नहीं होने का आरोप पार्षदों ने लगाया।

उन्होंने कहा कि अब तक कई जर्जर खंभे नहीं बदले गए हैं और जगह-जगह लटकते तार भी व्यवस्थित नहीं किए गए हैं। दूसरी ओर बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

पार्षदों ने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का ठोस समाधान चाहिए।

सात दिन का अल्टीमेटम
विपक्षी पार्षदों ने AE से स्पष्ट रूप से कहा कि 7 दिनों के भीतर बिजली से जुड़ी समस्याओं का निराकरण किया जाए। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, पार्षद तेजप्रताप सिंह, पवन गुप्ता, संदीप डहरिया, मंडल अध्यक्ष यशपाल कंवर और ब्लॉक अध्यक्ष एनएसयूआई प्रमोद कारके सहित अन्य उपस्थित रहे।