चार नंबर खदान मार्ग पर भीषण हादसा, तीन घायल; मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
कोरबा। बांकीमोंगरा से चार नंबर खदान मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। आगे चल रहे भारी वाहन को ओवरटेक करने के दौरान बाइक की सामने से आ रही स्कूटी से भिड़ंत हो गई।
सड़क पर गिरे बाइक सवारों में से एक युवक पीछे से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं।
मृतक की पहचान ग्राम रोहिना निवासी तुलसी दास के रूप में हुई है। हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। मुआवजे और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही बाधित रही।
ओवरटेक करते समय सामने आई स्कूटी
जानकारी के अनुसार, ग्राम रोहिना निवासी दो युवक बाइक से बांकीमोंगरा बाजार की ओर जा रहे थे। बांकीमोंगरा नंबर-2 से घुरदेवा बाईपास मोड़ के पास बाइक चालक आगे चल रहे भारी वाहन को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी से बाइक की भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। इसी बीच पीछे से आ रहा ट्रेलर वहां पहुंच गया और तुलसी दास उसकी चपेट में आ गए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों सहित तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुआवजे की मांग पर सड़क पर उतरे ग्रामीण
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन जुट गए। आक्रोशित लोगों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही थम गई और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार अमरजीत आंचल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से चर्चा कर स्थिति को समझने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का कहना है कि बांकीमोंगरा-चार नंबर खदान मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है। तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और नियंत्रित करने की मांग की।
तीनों वाहन पुलिस के कब्जे में, हादसे की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ग्रामीणों से चर्चा कर चक्काजाम समाप्त कराने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया।
हादसे में शामिल वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों, ओवरटेक के दौरान बनी परिस्थितियों और वाहनों की गति सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
हादसे के बाद ग्राम रोहिना सहित आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















