ग्रामीणों के शोर से घबराए आरोपी, स्कूटी मौके पर छोड़कर भागे,पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक साक्ष्यों से शुरू की जांच
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पहंदा में चोरों ने नगर सेना में पदस्थ एक कर्मी के सूने मकान को निशाना बनाकर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। चोरी गए सामान की शुरुआती कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। वारदात के दौरान ग्रामीणों को भनक लगने और शोर मचाने पर चोर घबरा गए। भागने की हड़बड़ी में आरोपी अपनी स्कूटी मौके पर ही छोड़ गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक नगर सेना में पदस्थ दिलीप रात्रे शनिवार को किसी काम से घर से बाहर गए थे। वहीं परिवार के अन्य सदस्य डोंगरगढ़ घूमने गए हुए थे। मकान में किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर देर रात घर में दाखिल हुए। चोरों ने अलमारी सहित घर के अन्य सामानों को खंगाला और नकदी तथा सोने-चांदी के जेवरात लेकर भागने लगे।
दिलीप रात्रे के अनुसार चोरी गए सामान की प्रारंभिक कीमत एक लाख रुपये से अधिक है। हालांकि, चोरी गए जेवरात और नकदी का वास्तविक मूल्य पुलिस जांच एवं आकलन के बाद ही स्पष्ट होगा।
शोर सुनकर भागे चोर, स्कूटी बनी अहम सुराग
चोरी के दौरान आसपास के ग्रामीणों को मकान में संदिग्ध गतिविधियों का पता चला। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए। इसी दौरान वे अपनी स्कूटी वहीं छोड़ गए।
पुलिस ने स्कूटी को कब्जे में लेकर उसके रजिस्ट्रेशन नंबर और चेचिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि मौके पर छूटी स्कूटी आरोपियों तक पहुंचने में अहम सुराग साबित हो सकती है।
डॉग स्क्वायड से लेकर सीसीटीवी तक खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से आसपास के इलाके में सुराग तलाशे। घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य संभावित साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
इसके अलावा पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात के दौरान संदिग्धों की गतिविधियों और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। घटनास्थल से एक स्कूटी बरामद हुई है, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरी की घटना की जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















