मालदा घाट के जंगल में मिली सड़ी-गली लाश,मचा हड़कंप

पानी के पास पड़ा मिला अज्ञात पुरुष का शव;फोरेंसिक टीम जुटाएगी साक्ष्य,सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के मालदा घाट स्थित बाउंड्री वॉल से घिरे प्लॉट के अंदर घने जंगल में रविवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना बताया जा रहा है और क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने के कारण मृतक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव पुरुष का प्रतीत हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, सुबह एक स्थानीय महिला की नजर जंगल में पानी के पास पड़े शव पर पड़ी। शव देखते ही महिला ने इसकी सूचना ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी। इसके बाद पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कटघोरा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। शव की हालत को देखते हुए मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

फोरेंसिक टीम जुटाएगी साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक यहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा।

पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।