केबिन में फंसा रहा चालक, काफी मशक्कत के बाद निकाला गया शव; घायल चालक अस्पताल में भर्ती
कोरबा। कुसमुंडा खदान क्षेत्र में रविवार को दो ट्रेलरों के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रेलर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया।
मृतक चालक की पहचान रलिया निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में हुई है। हादसे की खबर फैलते ही खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसकी हालत को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रेलर नीलकंठ कंपनी के पेटी ठेकेदार पीकेएस कंपनी से जुड़े हुए हैं। हादसे के बाद खदान क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सुरक्षा मानकों को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।
मुआवजे और रोजगार की मांग को लेकर प्रदर्शन
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ ही परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए खदान परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही और वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
सूचना मिलने पर कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और स्थिति सामान्य हुई।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किस वजह से हुई और इसमें किसी की लापरवाही रही या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















