वार्डवासियों का आरोप पहले मूलभूत सुविधाएं देने का मिला था भरोसा, अब अधूरे अंडरब्रिज और बदहाल रास्तों से बढ़ी परेशानी; आंदोलन की चेतावनी
दीपका। दीपका को गेवरा-पेंड्रा रेल लाइन से जोड़ने वाली परियोजना के तहत कृष्णा नगर में एसईसीएल के कोयला लदान के लिए बिछाई जा रही रेल लाइन का निर्माण कार्य अब स्थानीय लोगों के विरोध का कारण बनता जा रहा है।
वार्ड क्रमांक 7 के रहवासियों ने संबंधित निजी कंपनी और रेलवे प्रबंधन पर पूर्व में दिए गए आश्वासन की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि रेल लाइन निर्माण तेजी से कराया जा रहा है, लेकिन वार्ड की जरूरी मूलभूत सुविधाओं के काम अब भी अधूरे पड़े हैं।
वार्डवासियों के मुताबिक, पूर्व में राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में रेलवे प्रबंधन के साथ हुई चर्चा के दौरान भरोसा दिलाया गया था कि पक्की सड़क, नाली, मंदिर और सांस्कृतिक स्टेज भवन जैसे जरूरी कार्य पहले पूरे कराए जाएंगे। इसके बाद रेल लाइन निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस आश्वासन के विपरीत रेल लाइन का काम आगे बढ़ाया जा रहा है, जबकि बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों की स्थिति जस की तस है।
स्कूल के सामने अंडरब्रिज, लेकिन पहुंच मार्ग अधूरा
कृष्णा नगर के लोगों ने बताया कि शासकीय माध्यमिक शाला से दीपका की ओर जाने वाली रेल लाइन के नीचे आवागमन के लिए अंडरब्रिज बनाया गया है, लेकिन स्कूल से अंडरब्रिज तक संपर्क सड़क का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे स्कूली बच्चों के साथ स्थानीय लोगों को भी आने-जाने में परेशानी हो रही है।
नाली निर्माण नहीं होने से जलजमाव की समस्या
बैठक में वार्ड में जल निकासी की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। रहवासियों का कहना है कि नाली निर्माण का काम अब तक शुरू नहीं हुआ है। बारिश के पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से कई स्थानों पर जलजमाव और गंदगी की समस्या बनी रहती है। लोगों ने जल्द नाली निर्माण कराने की मांग की है।
दूसरे अंडरब्रिज के पास भी अधूरी सड़क
कृष्णा नगर को दीपका बस्ती से जोड़ने वाले मार्ग पर ट्रांसफार्मर के समीप बने दूसरे अंडरब्रिज को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। वार्डवासियों के अनुसार, अंडरब्रिज का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन उससे जुड़ी सड़क का काम अधूरा है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कत के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
इन समस्याओं को लेकर कृष्णा नगर वार्ड क्रमांक 7 में वार्डवासियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से तय किया गया कि रेलवे प्रबंधन एवं संबंधित विभागों को शीघ्र ज्ञापन सौंपकर सभी कार्यों को पूरा कराने की मांग की जाएगी।
वार्डवासियों ने कहा कि यदि सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य जल्द शुरू नहीं किए गए तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि रेल परियोजना महत्वपूर्ण है, लेकिन उसके निर्माण के साथ स्थानीय लोगों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
बैठक में मूलचंद, मो. मंसूर, ललित महिलांगे, लक्ष्मण गुप्ता, मो. सरताज कुरैशी, कन्हैया, पवन गुप्ता, प्रभाष तांती, सोहन पंडित, मो. शमीम अंसारी, राधे बरेठ, सुनील शर्मा, शंभू लोहार, मो. अशरफ दुलार बेक, छोटेलाल, मीना थापा, गीता महंत, जगत बाई चौहान, उमा महंत, सोना गोस्वामी, सती देवी महंत, सीमा देवी शर्मा, बालमती बारिया, इफाना कुरैशी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















