यात्रियों के लिए बना प्रतीक्षालय खुद कर रहा ‘इंतजार’

एनटीपीसी मेन गेट के सामने लाखों की सुविधा पर कचरे का कब्जा, गंदगी के बीच बैठना भी मुश्किल

कोरबा। कोरबा पश्चिम क्षेत्र में एनटीपीसी मेन गेट के सामने यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया यात्री प्रतीक्षालय इन दिनों अपनी बदहाली की कहानी बयां कर रहा है। जिस जगह का निर्माण यात्रियों को कुछ देर बैठने, धूप-बारिश से बचने और बस या अन्य वाहनों का इंतजार करने के लिए किया गया था, वही जगह अब कचरे और गंदगी से घिरी नजर आ रही है।

प्रतीक्षालय परिसर में जगह-जगह कचरा बिखरा हुआ है।

गंदगी के कारण बैठने की जगह भी असुविधाजनक हो गई है। ऐसे में यात्रियों के लिए बनाई गई यह सार्वजनिक सुविधा मौजूद होने के बावजूद उसके इस्तेमाल का उद्देश्य पूरा होता नजर नहीं आ रहा है।

लाखों खर्च, फिर रखरखाव क्यों नहीं?
सार्वजनिक सुविधा के निर्माण पर राशि खर्च की गई, लेकिन नियमित साफ-सफाई और रखरखाव के अभाव में परिसर की हालत खराब होती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतीक्षालय की नियमित सफाई होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है। इसके लिए जिम्मेदार विभाग को केवल निर्माण तक सीमित न रहकर सुविधा के रखरखाव की भी जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।

कचरे के ढेर में दब रही सुविधा की उपयोगिता
एनटीपीसी मेन गेट क्षेत्र में यात्रियों और आम लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे स्थान पर प्रतीक्षालय की बदहाल स्थिति सीधे तौर पर सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव पर सवाल खड़े करती है। लोगों की मांग है कि परिसर की तत्काल सफाई कराकर नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

यात्रियों के लिए बनाई गई सुविधा यदि यात्रियों के बैठने के ही काम न आए, तो उसके निर्माण का उद्देश्य ही अधूरा रह जाता है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस बदहाल प्रतीक्षालय की सुध कब लेता है।