KORBA: कमाने दिल्ली गई युवती से टूटा संपर्क, बैंक गई पत्नी भी नहीं लौटी

घर और मायके से निकलीं महिलाएं लापता, एक युवक का भी सुराग नहीं;आठ मामलों में पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी व अपराध

कोरबा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं, युवतियों और एक युवक के लापता होने के आठ मामले सामने आए हैं। कुछ मामलों में परिजनों ने काफी समय तक अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कई मामलों में परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने अथवा अपहरण की आशंका जताई है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के साथ संबंधित मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पतासाजी शुरू की है।

बैंक जाने की बात कहकर निकली पत्नी, बेटी को भी साथ ले गई
बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम सासिन निवासी महावीर मरकाम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी रेखा मरकाम (26) 17 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे बैंक के काम से जटगा जाने की बात कहकर अपनी करीब ढाई वर्ष की बेटी साक्षी को साथ लेकर घर से निकली थी। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे। परिजन द्वारा अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका जताए जाने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।

काम करने दिल्ली गई युवती से आठ महीने बाद टूटा संपर्क
ग्राम सरभोंका निवासी 24 वर्षीय सोनमतिया धनुहार 12 नवंबर 2025 को अपनी सहेली सरिता धनुहार के साथ काम करने दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकली थी। उसकी मां चंद्रकला धनुहार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

परिजनों के अनुसार सोनमतिया दिल्ली पहुंचने के बाद फोन पर बातचीत करती थी और झाड़ू-पोछा का काम कर करीब 10 हजार रुपये मासिक मजदूरी मिलने की जानकारी देती थी। कुछ समय तक बीच-बीच में बातचीत होती रही, लेकिन 20 जुलाई 2026 के बाद उसका मोबाइल बंद बता रहा है।

पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 27/2026 दर्ज कर तलाश शुरू की है। परिजनों ने उसकी पहचान से जुड़े कुछ शारीरिक चिन्ह भी पुलिस को बताए हैं।

जून से लापता है समारो बाई
बंजारी रावणभांठा निवासी बैशाखूराम की पत्नी समारो बाई बिंझवार (25) 10 जून 2026 की शाम करीब 7 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। परिजनों द्वारा अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की आशंका जताए जाने पर बांगो पुलिस ने धारा 140(3) BNS के तहत अपराध दर्ज कर पतासाजी शुरू की है।

तीन बच्चों को घर पर छोड़कर चली गई पत्नी
पसान थाना क्षेत्र के ग्राम दम्हामुड़ा महुआपारा निवासी लालचंद सारथी ने अपनी पत्नी थुनिया बाई के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसके अनुसार थुनिया बाई 23 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे तीन बच्चों को घर पर छोड़कर बिना बताए चली गई। बच्चों की उम्र करीब 4 से 9 वर्ष के बीच बताई गई है।

परिजन के अनुसार वह अपने साथ जियो कंपनी का मोबाइल और घर में रखे करीब 10 हजार रुपये भी ले गई है। आसपास और रिश्तेदारों में तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे अपने कब्जे में रखने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने धारा 140(3) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

मां के लापता होने पर बेटी ने दर्ज कराई रिपोर्ट
कोतवाली थाना क्षेत्र के कुम्हार मोहल्ला, सीतामणी निवासी जानकी यादव (50) 25 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे घर से बिना बताए चली गई। आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला। इसके बाद उसकी पुत्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई है।


दीदी के घर से मायके जाने निकली पत्नी नहीं लौटी
दीपका थाना क्षेत्र के टावर मोहल्ला निवासी संतोष कुमार डनसेना ने अपनी पत्नी रमला बाई (32) के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पति के अनुसार वह करीब सात माह से रूंगटा कंपनी में काम के कारण पत्नी के साथ दीपका में रह रहा था। 4 अगस्त 2026 को रमला बाई अपनी दीदी गुरबारी बाई के ज्योतिनगर स्थित घर गई थी। वहां से करीब 1:30 बजे मायके जाने की बात कहकर निकली, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी।

काफी तलाश के बाद पति ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रलोभन देकर अपने साथ ले जाने की आशंका जताई। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है।

मायके में रह रही नवविवाहिता भी लापता
दीपका थाना क्षेत्र के एक अन्य मामले में शिक्षक छेदीलाल मरकाम (49) ने अपनी पत्नी अर्चना मरकाम के लापता होने की सूचना दी है। बताया गया कि नवविवाहिता अर्चना करीब एक माह से अपने मायके सिरकी गांधीनगर में रह रही थी।

22 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह घर से बिना बताए कहीं चली गई। काफी तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर पति ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रलोभन देकर ले जाने की आशंका जताई। पुलिस ने धारा 140(3) BNS के तहत मामला दर्ज किया है।

कटघोरा में काम करने निकला युवक भी गायब
बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारी रापेरपारा निवासी परमेश्वर कुशरो ने अपने भाई तुलेश्वर सिंह कुशरो (26) के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसके अनुसार तुलेश्वर 12 मई 2026 की सुबह करीब 11 बजे कटघोरा स्थित शारदा राइस मिल में काम करने जाने की बात कहकर घर से निकला था।

पहले भी वह वहां काम करने जा चुका था, इसलिए परिवार ने तत्काल चिंता नहीं की। बाद में मोबाइल बंद मिलने पर राइस मिल में पता किया गया, जहां उसके काम पर नहीं पहुंचने की जानकारी मिली। आसपास के गांवों और रिश्तेदारों में तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले में पतासाजी शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा सभी मामलों में लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए संभावित स्थानों, रिश्तेदारों तथा उपलब्ध मोबाइल एवं अन्य सुरागों के आधार पर जांच की जा रही है।