“सेवा सेतु शिविर में 72 आवेदन, अधिकांश का मौके पर हुआ निराकरण”

कोरबा। गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद दीपका में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 72 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों को शासन की योजनाओं की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, विद्युत, राजस्व, कृषि, पशुधन विकास, उद्यानिकी, राशन कार्ड, पेंशन, जन्म-मृत्यु पंजीयन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, लोक निर्माण विभाग तथा सौर ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। नागरिकों ने अपनी समस्याओं और जरूरतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने कार्रवाई की।

कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रेमचंद पटेल ने परिवार सहायता योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। तहसीलदार अभिजीत राजभानु एवं नायब तहसीलदार की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम रत्नेश ने सफाईकर्मियों को पीपीई किट वितरित की। शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती संगीता साहू, योगेश जैन, धर्मेंद्र शुक्ला, श्रीमती प्रीति स्वर्णकार, हरीश थड़वानी, बीडी शर्मा, अंकित चौधरी, राजू प्रजापति, श्रीमती संतोषी दीवान, पार्षद अरुणीश तिवारी, श्रीमती सविता कंवर, श्रीमती ज्योति तिवारी एवं श्रीमती सुनीता रोहित जायसवाल सहित एल्डरमैन पवन अग्रवाल, आनंद चौकसे, श्रीमती सुभद्रा यादव, मनोज कुमार दुबे तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।