सार्वजनिक स्थल पर शराबखोरी करने वाले पांच युवकों पर कार्रवाई

कोरबा। सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ दीपका पुलिस ने कार्रवाई की है। बुधवार को पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर शराब पीते पाए गए पांच युवकों को पकड़ा और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में कुछ समय से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के बाद युवकों द्वारा हुड़दंग करने तथा आने-जाने वाली महिलाओं से छींटाकशी किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन अभियान चलाया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थल पर शराब का सेवन करते पाए गए रोहित कुमार चंद्रवंशी (21), भागीरथी यादव (26), कमलकांत मरकाम (32), अनिल कुमार खड़िया (25) और श्रवण साहू (18) को पुलिस ने पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई की जद में आए युवकों में रोहित कुमार चंद्रवंशी, पिता हरविंदर सिंह, निवासी ज्योति नगर दीपका; भागीरथी यादव, पिता ओमप्रकाश यादव, निवासी कटरा थाना बलौदा; कमलकांत मरकाम, पिता राजकुमार मरकाम, निवासी कटरा थाना बलौदा; अनिल कुमार खड़िया, पिता छतूराम खड़िया, निवासी ज्योति नगर दीपका तथा श्रवण साहू, पिता विनोद साहू, निवासी ज्योति नगर दीपका शामिल हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।