संस्कारवान परिवार से ही मजबूत समाज का निर्माण : चित्रलेखा चंदेल

रामसागरपारा में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और शिशुओं का अन्नप्राशन कराया

कोरबा।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को रामसागरपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3 में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद चित्रलेखा चंदेल ने स्वस्थ शरीर, संस्कारवान संतान और परिवार में अच्छे संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला।

चित्रलेखा चंदेल ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और संस्कारों की नींव परिवार से ही रखी जाती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के पोषण, शिक्षा और संस्कार पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम में संस्कारम् टीम की अध्यक्ष आकांक्षा ने कहा कि मां की भूमिका केवल बच्चे को जन्म देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह बच्चे के व्यक्तित्व और भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने माताओं से बच्चों के स्वास्थ्य और विकास के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

गोदभराई और अन्नप्राशन संस्कार कराया
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा छह माह से अधिक आयु के शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी दी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में हितग्राहियों को जानकारी देकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम में जय सिंह नेताम,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कल्पना मूर्ति,सहायिका सुषमा राम,मितानिन विमल जगत,सुभाषिनी विश्वकर्मा,कृष्णा कुशवाहा,संतोष गुप्ता,श्याम बाई,रामेश्वरी, रिया, सोनी, मधु पटेल, भगवती मरावी, फुलवारी, योगिता, संजना पटेल, पायल, प्रिया, रोशनी और काव्या सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और अभिभावकों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और संस्कार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।