प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत कोरबा में 4405 आवास स्वीकृत
कोरबा।प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत पात्र परिवारों को पक्के आवास का लाभ दिलाने की दिशा में नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने 98 पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण से संबंधित दस्तावेज सौंपे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि शासन की इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकान के सपने को पूरा करने की दिशा में सहायता मिल रही है।
चार किस्तों में मिलेगी 2.50 लाख की सहायता
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता राशि चार किस्तों में प्रदान की जाएगी। इसमें पहली किस्त एक लाख रुपये, जबकि दूसरी, तीसरी और चौथी किस्त में 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
नगर निगम क्षेत्र में योजना के तहत अब तक 4405 हितग्राहियों के आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए नगर निगम द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
राशि के दुरुपयोग और ठगी से बचने की अपील
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने हितग्राहियों से अपील की कि वे योजना के तहत प्राप्त सहायता राशि का उपयोग निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आवास निर्माण में ही करें।
उन्होंने कहा कि आवास योजना के नाम पर यदि कोई व्यक्ति अतिरिक्त राशि की मांग करता है अथवा किसी प्रकार का प्रलोभन देता है तो इसकी जानकारी तत्काल संबंधित पार्षद या नगर निगम के अधिकारियों को दें।
कार्यक्रम में नगर निगम के जनप्रतिनिधि,अधिकारी- कर्मचारी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















