समस्याएं पहचानें, समाधान सुझाएं और नवाचार से बदलें समाज की तस्वीर

सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 का शुभारंभ, युवाओं को मिला नए विचार प्रस्तुत करने का मंच; जोनल स्तर पर 50 विजेताओं को मिलेंगे 10-10 लाख रुपये

कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, आईटीआई रामपुर में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया। कार्यक्रम में युवाओं और विद्यार्थियों से अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर उनके व्यावहारिक एवं प्रभावी समाधान सुझाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी, नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत,एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

समस्याओं को अवसर में बदलने का मंच
कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच और नए विचारों को सामने रखने का अवसर दे रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास की समस्याओं को देखने, उन्हें समझने और उनके व्यावहारिक समाधान तैयार कर प्रतियोगिता में प्रस्तुत करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान स्वच्छता, रक्तदान, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं ग्रामीणों से जुड़ी गतिविधियों सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

नवाचार के लिए मॉडल बनाना जरूरी नहीं
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जोनल स्तर के चैलेंज के साथ कोरबा में जिला स्तरीय प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि नवाचार की शुरुआत किसी समस्या की पहचान करने और उसके बेहतर समाधान की कल्पना से होती है।

प्रतिभागियों को अपना विचार प्रस्तुत करने के लिए तैयार मॉडल बनाना अनिवार्य नहीं है।

जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि नवाचार का अर्थ केवल नई तकनीक विकसित करना नहीं है। घर, मोहल्ले,शहर या जिले की किसी समस्या को कम समय और बेहतर तरीके से हल करने वाला विचार भी नवाचार की श्रेणी में आ सकता है।

युवाओं की सोच से आगे बढ़ेगा जिला
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर ने कहा कि जिले के विकास के लिए युवाओं की सोच और सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नए और उपयोगी विचार सामने लाने तथा जिले के विकास में योगदान देने की अपील की।

नगर निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

जिला स्तर पर 7 अक्टूबर तक लिए जाएंगे विचार
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों से 7 अक्टूबर तक विचार आमंत्रित किए गए हैं। इसके बाद 9 अक्टूबर को प्रतिभागियों को अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। वहीं जोनल स्तर की प्रतियोगिता के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

10 क्षेत्रों में चुने जाएंगे 50 विजेता
जोनल स्तर पर प्रतियोगिता के लिए 10 क्षेत्रों में कुल 50 विजेताओं का चयन किया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्र से तीन सामान्य श्रेणी, एक महिला श्रेणी और एक 21 वर्ष से कम आयु वर्ग के विजेता का चयन होगा।

प्रत्येक विजेता को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इस तरह कुल पुरस्कार राशि 5 करोड़ रुपये होगी।
जिला प्रशासन प्राप्त विचारों को उपयोगी सुझावों के रूप में भी देखेगा तथा चयनित समाधानों को व्यवहार में लागू करने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व महापौर जोगेश लांबा, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, रोजगार अधिकारी दीपेश भारती, सतीश प्रकाश सिंह, प्राचार्य लाइवलीहुड अरुणेंद्र मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आईटीआई एवं लाइवलीहुड के विद्यार्थी, महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं तथा माय भारत युवा के वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे।