भदरापारा का सरकारी क्लीनिक जर्जर, छत-प्लास्टर गिरने का खतरा

भाकपा नेता ने प्रशासन को दी जानकारी, तत्काल मरम्मत और सरकारी भवनों की जांच की मांग

कोरबा। बालकोनगर क्षेत्र के भदरापारा स्थित सरकारी क्लीनिक की जर्जर स्थिति को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने चिंता जताई है। पार्टी के जिला सचिव पवन कुमार वर्मा ने दावा किया है कि क्लीनिक की छत और दीवारों का प्लास्टर काफी जर्जर हो चुका है और इसके गिरने से किसी भी समय हादसा हो सकता है। उन्होंने क्लीनिक की स्थिति से संबंधित फोटो के साथ प्रशासन को इसकी जानकारी देते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

वर्मा के अनुसार, बाहर से सामान्य दिखाई देने वाला भदरापारा का यह सरकारी क्लीनिक अंदर से काफी जर्जर स्थिति में है। छत और दीवारों का प्लास्टर जगह-जगह से खराब हो चुका है। ऐसे में क्लीनिक में आने वाले मरीजों और वहां कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
क्लीनिक में कार्यरत स्टाफ के हवाले से बताया गया है कि भवन की खराब स्थिति को लेकर उच्च अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक मरम्मत या आवश्यक सुधार कार्य नहीं कराया गया है।

भाकपा ने प्रशासन से मांग की है कि भदरापारा सरकारी क्लीनिक का तत्काल निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

पार्टी ने जिले के अन्य पुराने सरकारी भवनों की स्थिति का भी परीक्षण कराने की मांग की है, जिससे जर्जर भवनों के कारण संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।