सीएसईबी चौक में परिवहन विभाग का शिकंजा, 10 यात्री बसों पर चालानी कार्रवाई; एक जब्त

दस्तावेज और परमिट की जांच में खुली नियमों की अनदेखी, 22,300 रुपये का जुर्माना वसूला

कोरबा। यात्री बसों में परिवहन नियमों की अनदेखी और दस्तावेजों में खामियों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बुधवार को सीएसईबी चौक पर सघन जांच अभियान चलाया।

परिवहन अधिकारी अतुल असैया के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम ने सीएसईबी चौक से गुजरने वाली यात्री बसों को रोककर परमिट, फिटनेस, बीमा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।

अभियान के दौरान कई बसों में नियमों का उल्लंघन सामने आया। जांच में अनियमितता पाए जाने पर 10 यात्री बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इनसे विभाग ने कुल 22,300 रुपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की। वहीं, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक यात्री बस को जब्त कर परिवहन विभाग कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया।

अचानक जांच से बस संचालकों में मचा हड़कंप
सीएसईबी चौक पर अचानक शुरू हुई जांच से बस संचालकों और चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। उड़नदस्ता टीम ने बस संचालकों को वाहनों से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखने और परमिट की शर्तों के अनुरूप संचालन करने के निर्देश दिए।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्री बसों की जांच केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी। नियमित रूप से जांच अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।