कुलवंत के समर्थन में सिख समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

अमरैयापारा मकान निर्माण विवाद में दोनों पक्ष आमने- सामने,निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग

कोरबा। शहर के अमरैयापारा क्षेत्र में कुलवंत कौर और उनके परिवार द्वारा कराए जा रहे मकान निर्माण को लेकर उठे विवाद में अब सिख समाज भी सामने आया है।

मंगलवार को सिख समुदाय के प्रतिनिधियों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर कुणाल दुदावत से मुलाकात की और कुलवंत कौर के समर्थन में ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को मामले से संबंधित जानकारी देते हुए मकान निर्माण को लेकर उठाई जा रही आपत्तियों की वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों का कहना था कि मामले की तथ्यों के आधार पर जांच कर संबंधित पक्ष को नियमानुसार राहत दी जाए।

उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनी और मामले की जानकारी लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।

प्रदर्शन के बाद समर्थन में आया दूसरा पक्ष
इस मामले को लेकर एक दिन पहले जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से जुड़े लोगों ने नगर निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया था। इसके बाद मंगलवार को सिख समाज के प्रतिनिधियों के ज्ञापन सौंपने से विवाद में दोनों पक्षों की सक्रियता सामने आई है। मामला अब प्रशासन के समक्ष पहुंच गया है और आगे की कार्रवाई संबंधित नियमों एवं जांच के आधार पर होगी।