कोरबा। पाली के मंगल भवन में मंगलवार को आयोजित दिव्यांगता परीक्षण शिविर में 206 दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण और दिव्यांगता मूल्यांकन किया गया। इनमें पात्र पाए गए 63 दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए गए।
शिविर में 21 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 16 ट्राइसाइकिल, 12 व्हीलचेयर, 5 छड़ी, 6 बैसाखी और 3 श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। शिविर कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर आयोजित किया गया था।
प्रमाण पत्र और यूडीआईडी के लिए भी प्रक्रिया
चिकित्सकों और संबंधित विशेषज्ञों ने अस्थिबाधित, श्रवणबाधित एवं मानसिक दिव्यांगता से संबंधित दिव्यांगजनों का परीक्षण किया। पात्र हितग्राहियों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के साथ यूडीआईडी कार्ड की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
शिविर का शुभारंभ विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, जिला पंचायत सदस्य माया रूपेश कंवर, जनपद पंचायत पाली अध्यक्ष पूर्णिमा शोभा सिंह जगत और नगर पंचायत पाली अध्यक्ष अजय जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जनपद पंचायत पाली उपाध्यक्ष दिलहरण कुर्मी, जनपद सदस्य, अजय सैनी, कुलदीप मरकाम, सरपंच संघ अध्यक्ष छत्रपाल सिंह राज, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए दिव्यांगजन एवं उनके सहयोगी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















