ब्लड डोनेशन वैन से अब गांवों तक पहुंचेगा रक्तदान अभियान

डिप्टी सीएम अरुण साव ने दिखाई हरी झंडी, डीएमएफ से मिली आधुनिक वातानुकूलित वैन से लगेंगे रक्तदान शिविर

कोरबा। जिले में रक्तदान को बढ़ावा देने और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आधुनिक ब्लड डोनेशन वैन शुरू की गई है। उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने कलेक्ट्रेट परिसर से जिला रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित वातानुकूलित वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

डीएमएफ मद से प्राप्त इस वैन के जरिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा सकेंगे। वैन में रक्तदान के लिए आवश्यक सुविधाओं के साथ आधुनिक डोनेशन काउच उपलब्ध हैं। वातानुकूलित होने के कारण रक्तदाताओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।

दूरस्थ क्षेत्रों में भी लगेंगे शिविर
अधिकृत रक्तदान शिविरों में चिकित्सकों, प्रयोगशाला तकनीशियनों और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मचारियों की मौजूदगी में रक्तदान कराया जाएगा। वैन के माध्यम से विशेष रूप से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर शिविर आयोजित करने में सुविधा होगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए नियमित रक्तदान शिविर जरूरी हैं। नई वैन से इन शिविरों का दायरा बढ़ाया जा सकेगा और अधिक लोगों को रक्तदान से जोड़ा जा सकेगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रेडक्रॉस के रामसिंह अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।