सेवा संकल्प के कार्यक्रमों में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

डिप्टी सीएम अरुण साव ने ली समीक्षा बैठक, नदी-घाटों की सफाई, पौधरोपण, रक्तदान-अंगदान समेत होंगे कई आयोजन

कोरबा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले में होने वाले कार्यक्रम अब व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अभियान की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तिथिवार कार्ययोजना के अनुसार सभी कार्यक्रम समय पर कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि एक माह तक चलने वाले अभियान को जनोन्मुखी स्वरूप देने के लिए प्रशासन के साथ आम लोगों की सहभागिता जरूरी है। गांवों और शहरों में स्वच्छता को जनआंदोलन से जोड़ते हुए नदी-घाटों की सफाई, बड़े पैमाने पर पौधरोपण, रक्तदान, अंगदान सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही योजनाओं से लाभान्वित लोगों की ‘सेवा की कहानी’ सामने लाकर दूसरों को प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।

5.5 लाख से अधिक दीप जलाने पर जताई खुशी
साव ने 17 सितंबर को हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी। जिले में साढ़े पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए थे। उन्होंने ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों की भागीदारी का भी उल्लेख किया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि जिले के 2034 शासकीय एवं निजी विद्यालयों के एक लाख से अधिक विद्यार्थियों ने चित्रकला, भाषण और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विकसित भारत की कल्पना को प्रस्तुत किया। ब्लॉक और जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

नदियों के किनारे लगेंगे एक लाख पौधे
अभियान के तहत हसदेव, लीलागर सहित प्रमुख नदियों के किनारे एक लाख से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। सर्वमंगला घाट में स्वच्छता कार्यक्रम, वनवासी कल्याण आश्रम में रक्तदान शिविर और जिला मुख्यालय में दिव्यांग शिविर सहित अन्य गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर पर शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से जोड़ा जाएगा। राजस्व प्रकरणों के निराकरण के साथ स्थानीय उत्पादों के मेले, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘हर घर मुनगा’ और अन्य जनभागीदारी कार्यक्रम भी होंगे।

बैठक में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।