अल्टीमेटम के बाद भी समाधान नहीं होने पर प्रदर्शन, ट्रक चालकों और प्रभावितों की मांगों को गोंगपा का समर्थन; पुलिस तैनात
कोरबा। एसईसीएल की बुड़बुड़ कोल माइंस में कामगारों और प्रभावितों की विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन कर उत्पादन एवं परिवहन संबंधी गतिविधियां रोक दी गईं। ट्रक चालकों को एचपीसी (हाई पावर कमेटी) की निर्धारित दर के अनुसार भुगतान, स्थानीय प्रभावितों को रोजगार और लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर यह आंदोलन किया गया। प्रदर्शन को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) का भी समर्थन मिला।
बताया गया कि बुड़बुड़ परियोजना में कोयला परिवहन के लिए लगे ट्रक चालकों को ट्रांसपोर्टर द्वारा निर्धारित मानकों की तुलना में कम भुगतान किए जाने का आरोप है।
कामगारों की मांग है कि उन्हें एचपीसी दर के अनुरूप भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा परियोजना से प्रभावित स्थानीय लोगों को स्थानीय कार्यों में रोजगार देने की मांग भी उठाई गई है।
प्रभावितों और कामगारों ने अपनी समस्याओं को लेकर पूर्व में एसईसीएल प्रबंधन को अल्टीमेटम दिया था। इसके बावजूद समाधान नहीं होने पर मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग माइंस परिसर पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने कामकाज रोक दिया, जिससे कोयला उत्पादन के साथ परिवहन गतिविधियां भी प्रभावित हुईं।
आंदोलन में गोंगपा समर्थकों के शामिल होने से प्रदर्शन और व्यापक हो गया। स्थिति को देखते हुए पाली, दीपका और कटघोरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर निगरानी रखते हुए कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर बनाए रखी।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















