खड़े खराब ट्रेलर से टकराया दूसरा वाहन, पीछे से आया तीसरा भी भिड़ा; एक चालक घायल
कोरबा। जटगा चौकी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर सोमवार सुबह तीन वाहनों की टक्कर से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सड़क किनारे खराब खड़े सरिया लोड ट्रेलर को पीछे से आ रहे दूसरे भारी ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इसके कुछ देर बाद पीछे से आया तीसरा वाहन भी दोनों वाहनों से जा भिड़ा। हादसे में तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और एक चालक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार सरिया लोड ट्रेलर खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कुछ ही देर में तीसरा वाहन भी वहां पहुंचा और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गया। हादसे में एक वाहन चालक को चोट आई, जिसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सुबह 7 बजे से बिगड़ी स्थिति, लगी वाहनों की कतार
तीन वाहनों की टक्कर के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब चार घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। जाम में भारी वाहनों के अलावा कार, अन्य चार पहिया वाहन और यात्री बसें भी फंसी रहीं।
यात्रियों को काफी देर तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा।
पुलिस ने हटवाए दुर्घटनाग्रस्त वाहन
हादसे की सूचना मिलते ही जटगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त और खराब वाहनों को सड़क से हटवाने के लिए मशक्कत की। वाहनों के हटने के बाद राजमार्ग पर यातायात बहाल हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















