कोरबा। ईस्ट-वेस्ट रेल कॉरिडोर के निर्माण के लिए की जा रही ब्लास्टिंग अब ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के आमाटिकरा और आसपास के गांवों में ग्रामीणों ने रेल लाइन के लिए की जा रही हैवी ब्लास्टिंग से मकानों में कंपन और दरारें आने का दावा किया है। वहीं बोर और अन्य जलस्रोतों के प्रभावित होने की शिकायत भी प्रशासन तक पहुंची है।
कोरबा जिले में गेवरा से पेंड्रा रोड तक ईस्ट-वेस्ट रेल कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना का बड़ा हिस्सा ग्रामीण क्षेत्रों से होकर गुजर रहा है। रेलवे ने निर्माण कार्य का ठेका इरकॉन को दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि रेल लाइन के लिए पत्थर खनन और अन्य निर्माण गतिविधियों के दौरान लगातार ब्लास्टिंग की जा रही है। इसके कंपन का असर आसपास के मकानों और जलस्रोतों पर पड़ रहा है।
चार बोर प्रभावित होने का दावा
आमाटिकरा के सरपंच के मुताबिक, गांव में करीब चार बोर ब्लास्टिंग से प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में हाल ही में कराए गए बोर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे स्कूल में पानी की व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन रही है।
ग्रामीणों को आशंका है कि यदि जलस्रोत इसी तरह प्रभावित होते रहे तो गर्मी के दिनों में पेयजल संकट और गंभीर हो सकता है। वहीं लगातार कंपन के कारण मकानों में दरारें आने से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
एसडीएम से की शिकायत
ग्रामीणों ने ब्लास्टिंग से हो रहे नुकसान को लेकर एसडीएम मनोज बंजारे के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की है। शिकायत में मकानों में आई दरारों, ब्लास्टिंग से होने वाले कंपन, जलस्रोतों के प्रभावित होने और स्कूल परिसर में हुए नुकसान का उल्लेख किया गया है।
शिकायत के बाद प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक व्यवस्था कराने की बात कही गई है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर इरकॉन और संबंधित ठेकेदार से चर्चा करने के प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। ग्रामीणों ने प्रशासन से ब्लास्टिंग के प्रभाव की तकनीकी जांच कराने और नुकसान की स्थिति में उचित कार्रवाई की मांग की है।
अब प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि ब्लास्टिंग से मकानों और जलस्रोतों को कितना नुकसान हुआ है तथा इसके लिए कौन से कारण जिम्मेदार हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















