टक्कर के बाद सड़क से नीचे उतरे वाहन, रातभर लगा जाम; बंद स्ट्रीट लाइट पर भी उठे सवाल
कोरबा। रेलवे स्टेशन की सेकेंड एंट्री को जाने वाले रामनगर-अमरैय्या बायपास मार्ग पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछली मध्य रात्रि कोयला परिवहन में लगे दो वाहनों के बीच टक्कर हो गई। हादसे में एक वाहन का कैबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद बायपास मार्ग पर रात से सुबह तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। पिछले 10 दिनों में इसी मार्ग पर यह चौथी दुर्घटना बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार एसईसीएल की एक खदान से कोयला लेकर ट्रेलर रायगढ़ की ओर जा रहा था। रामनगर-अमरैय्या बायपास से गुजरने के दौरान उसकी दूसरे वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वाहन सड़क से नीचे उतर गया। दुर्घटना में खाली वाहन के कैबिन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ। चालक और क्लीनर को सामान्य चोटें आने की जानकारी है।
हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और मध्य रात्रि से सुबह तक लंबा जाम लगा रहा। रेलवे स्टेशन सहित आसपास के इलाकों में जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह जानकारी मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन सामान्य कराया।
10 दिन में चौथा हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले 10 दिनों में इस मार्ग पर यह चौथी दुर्घटना है। बायपास के आसपास आबादी क्षेत्र होने के साथ एसईसीएल के कार्यालय भी हैं। रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए यह अपेक्षाकृत कम दूरी वाला मार्ग होने के कारण यहां दिन-रात लोगों की आवाजाही रहती है।
बंद स्ट्रीट लाइट पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लंबे समय से निष्क्रिय पड़ी हैं। रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। लगातार हो रहे हादसों के बाद लोगों ने मार्ग की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















