डॉक्टर की फोटो से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट, आपत्तिजनक पोस्ट से मचा हड़कंप                                 

साइबर पुलिस थाना में की गई शिकायत

कोरबा।शिवाय अस्पताल में ऑर्थोपेडिक सर्जन के रूप में कार्यरत डॉ. संतोष राठौड़ की फोटो का सोशल मीडिया पर कथित रूप से दुरुपयोग कर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। डॉक्टर ने मामले की शिकायत साइबर पुलिस थाना कोरबा में दर्ज कराई है।

शिकायत के मुताबिक, 11 अगस्त 2026 से अलग-अलग नामों से संचालित कई इंस्टाग्राम आईडी के जरिए डॉ. राठौड़ की तस्वीरें पोस्ट की जा रही हैं। आरोप है कि उनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट भी बनाए गए हैं। इन अकाउंट्स से डॉक्टर के संबंध में आपत्तिजनक, अशोभनीय और गंभीर आरोप वाली टिप्पणियां पोस्ट कर परिचितों और अन्य लोगों तक शेयर की जा रही हैं।

डॉ. राठौड़ ने शिकायत में कहा है कि इस तरह की पोस्ट से उनकी सामाजिक और पेशेवर छवि प्रभावित हो रही है।

उन्होंने साइबर पुलिस से संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट, पोस्ट, फोटो, कमेंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच कर अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने तथा वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के साथ संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट और पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। मामले में 0011/26 के तहत बीएनएस की धारा 66सी, 66डी एवं 356 का उल्लेख किया गया है। पुलिस द्वारा डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।