जर्जर भवन से मरीजों को मिली राहत, 17 सितंबर से नए भवन में OPD चालू
हरदीबाजार। लंबे समय से जर्जर भवन में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) हरदीबाजार की शिफ्टिंग अब पूरी हो गई है। पुराने तहसील भवन में आवश्यक रिनोवेशन के बाद 17 सितंबर की सुबह से वैकल्पिक PHC शुरू कर दिया गया और इसी दिन से OPD भी संचालित होने लगी।
इससे आसपास के 20 से 25 गांवों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को राहत मिलेगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की ओर से 12 सितंबर को जारी पत्र में वर्तमान PHC भवन को जर्जर और SECL द्वारा अधिग्रहित बताया गया था। भवन में नल, बिजली और आवश्यक कक्ष सहित जरूरी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद ही स्वास्थ्य सेवाएं संचालित किए जाने की बात कही गई थी। इसके बाद पुराने तहसील भवन को वैकल्पिक स्थान के रूप में तैयार किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली के खंड चिकित्सा अधिकारी ने भी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र भेजकर पुराने तहसील भवन में PHC संचालित करने की अनुमति मांगी थी। पत्र में खदान क्षेत्र से लगे मौजूदा भवन की स्थिति को देखते हुए अप्रिय घटना की आशंका जताई गई थी। 12 सितंबर को एसडीएम पाली रोहित सिंह, तहसीलदार हरदीबाजार, सरपंच, पंच और ग्रामीणों ने पुराने तहसील भवन का निरीक्षण भी किया था।
सुरक्षा को बताया शिफ्टिंग का मुख्य कारण
एसडीएम रोहित सिंह के अनुसार, जर्जर भवन की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों को पहले भी कई बार समझाइश दी गई थी कि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए PHC को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करना जरूरी है। शिफ्टिंग को लेकर तीन से चार बैठकें भी हुईं। ग्रामीणों की ओर से भी वैकल्पिक भवन के संबंध में जानकारी दी गई थी।
प्रशासन के अनुसार, PHC को शिफ्ट करने का तत्काल उद्देश्य मरीजों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
अधिकारियों ने बैठकों के दौरान ग्रामीणों को यह भी स्पष्ट किया था कि शिफ्टिंग का उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्र को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना है।
20-25 गांवों के मरीजों को मिलेगा लाभ
हरदीबाजार PHC में आसपास के करीब 20 से 25 गांवों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। पुराने भवन की स्थिति ऐसी थी कि वहां मरीजों को भर्ती कर उपचार देना भी मुश्किल था। ऐसे में सुरक्षित और व्यवस्थित स्वास्थ्य सुविधा के लिए वैकल्पिक भवन में शिफ्टिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

एसडीएम के मुताबिक, 17 सितंबर को PHC को पुराने तहसील भवन में शिफ्ट कर दिया गया और उसी सुबह से OPD शुरू हो गई। वहीं, 18 सितंबर को पुराने भवन से सामान और आवश्यक सामग्री को नए स्थान पर ले जाने की प्रक्रिया पूरी की गई। शिफ्टिंग के दौरान डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी आवश्यक सामग्री व्यवस्थित करने में जुटे रहे।
अब हरदीबाजार PHC को सुरक्षित वैकल्पिक भवन मिल गया है और नए स्थान से मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी शुरू हो गई हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















