मुढ़ाली में गूंजी नशामुक्ति की आवाज, ग्रामीणों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

कोरबा। नशामुक्त भारत अभियान के तहत जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मुढ़ाली में नशामुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के जरिए ग्रामीणों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

रैली के दौरान ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों को किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मुढ़ाली के सरपंच रामेश्वर सिंह मरकाम, परिवीक्षा अधिकारी मुकेश कुमार दिवाकर, आबकारी उप निरीक्षक जया मेहर, प्रधान पाठक टेक राम यादव, प्रधान आरक्षक हेमप्रकाश डडसेना, पवन राजवाडे और सहायक वर्ग-3 दीपक मार्को सहित अन्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को संदेश दिया गया कि नशे के खिलाफ जागरूकता और सामूहिक प्रयास से ही स्वस्थ वातावरण बनाया जा सकता है। ग्रामीणों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।