नन्हीं प्रतिभाओं ने कागज पर उकेरी विकसित भारत की तस्वीर

शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को रंगों में उतारा

कोरबा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले के विद्यालयों में ‘सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में नन्हे कलाकारों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रंगों के माध्यम से विकसित भारत 2047 की तस्वीर कागज पर उकेरी।

स्वामी आत्मानंद विद्यालय पंप हाउस और एनसीडीसी स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बच्चों ने शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, समानता, आत्मनिर्भरता और आधुनिक तकनीक जैसे विषयों को अपनी चित्रकारी में शामिल किया। किसी चित्र में स्वच्छ एवं सुंदर भारत की कल्पना नजर आई तो किसी में तकनीक और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते देश की तस्वीर दिखाई दी।

नन्हे कलाकारों की रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति को निर्णायकों ने सराहा। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश भी दिया कि उनके सपनों में ही भविष्य के भारत की तस्वीर छिपी है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि भारत विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश को आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रतिभागी ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे। विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा,जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, वरिष्ठ भाजपा नेता विकास अग्रवाल, प्रीति स्वर्णकार, डॉ. राजेश राठौर, योगेश मिश्रा, बलराम विश्वकर्मा, सूरज पांडेय, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, अविनाश दुबे, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्यक्ष, डीएमसी बी.डी. वैष्णव, प्राचार्य प्रभा सिंह, प्रिंसिपल डॉ. अलका फिलिप सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।