सेवा संकल्प अभियान में जिलेभर के स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता, 19 सितंबर को लगेगी चित्र प्रदर्शनी
कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को जिलेभर के शासकीय-अशासकीय विद्यालयों के साथ केंद्रीय विद्यालय, एकलव्य और प्रयास विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर रंगों और रेखाओं के जरिए सेवा, मानवता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों को कागज पर उकेरा।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को अपनी पसंद के विषय पर चित्र बनाने की स्वतंत्रता दी गई। प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों ने ए-3 और माध्यमिक, हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों ने ए-2 आकार की शीट पर चित्र बनाए। पेंसिल, जलरंग और स्केच पेन सहित विभिन्न माध्यमों से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
विद्यालयों में प्रतियोगिता के दौरान उत्साह का माहौल रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने के साथ उन्हें अपनी कल्पनाओं को स्वतंत्र रूप से अभिव्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता के साथ सेवा भावना, सामाजिक सरोकार और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है।
19 सितंबर को चित्र प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में तैयार चित्रों की प्रदर्शनी 19 सितंबर को विद्यालयों में लगाई जाएगी। इसमें शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों, पंचायत एवं जिला पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा क्षेत्रीय विधायकों को आमंत्रित किया जाएगा। इसी दिन भाषण प्रतियोगिता भी होगी, जिसमें विद्यार्थी अपने विचार और अभिव्यक्ति कौशल प्रस्तुत करेंगे।
विकासखंड स्तर पर भी होंगी गतिविधियां
विद्यालय स्तर की गतिविधियों के बाद करतला, कोरबा, कटघोरा, पाली और पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंडों में निर्धारित केंद्रों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने सभी विद्यालयों को अभियान की गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित करने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















