कौशल दीक्षांत समारोह में आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार के लिए कौशल को बताया जरूरी
कोरबा, 17 सितंबर। घंटाघर चौक स्थित जन शिक्षण संस्थान में कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के प्रायोजन में कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के विभिन्न कौशल प्रशिक्षणों में सफल हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विश्वकर्मा के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुई। मुख्य अतिथि जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष योगेश जैन ने कहा कि रोजगार और स्वरोजगार के लिए शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल भी जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपने हुनर का उपयोग आत्मनिर्भर बनने के लिए करने का आह्वान किया।
गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं को नौकरी के साथ स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का अवसर देता है।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रबंधक सिद्धार्थ तिवारी ने स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रशिक्षणार्थियों से इनका लाभ लेने की अपील की।
बीओएम की उपाध्यक्ष एवं टाइनी कॉटेज, जमनीपाली की प्राचार्य गीता एडवर्ड ने महिलाओं और युवाओं को हुनर के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान के निदेशक ने संस्थान की गतिविधियों एवं कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य जरूरतमंद एवं इच्छुक हितग्राहियों को विभिन्न रोजगारपरक कौशलों में प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।
समारोह के दौरान वर्ष 2026-27 के सफल प्रशिक्षणार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रमाण पत्र प्राप्त कर हितग्राहियों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में श्रीमती सावित्री जेना,तृष्या मोहंती,लक्ष्मी चटर्जी, विजयलक्ष्मी महंत,सुनीता राठौर, अंजू बनर्जी, सत्या श्रीवास, प्रिया गवेल,किशोर महंत,नरेंद्र साहू,उमेश,ओमकार गुप्ता एवं रुख्मणि यादव सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















