गणेश पंडालों में धार्मिक प्रश्नोत्तरी कराने पर जोर

हिंदू नारायणी सेना ने पूजा समितियों को सौंपा पत्र, भजन-आरती और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की अपील

कोरबा। हिंदू नारायणी सेना ने शहर के सार्वजनिक गणेश पूजा पंडालों में पहुंचकर पूजा समितियों से आयोजन की गरिमा और धार्मिक स्वरूप बनाए रखने की अपील की।

संगठन ने समितियों को पत्र सौंपकर फिल्मी अथवा अमर्यादित गीतों से परहेज करते हुए धार्मिक प्रश्नोत्तरी, भजन-आरती और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम कराने का सुझाव दिया।

संगठन के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल के नेतृत्व में पंडित शास्त्री महाराज, पंडित आनंद तिवारी महाराज, करुणा निधि, संदीप श्रीवास, राम साहू, तरुण मिश्रा, श्याम सारथी, मनोज केसरवानी, भरत यादव, रितेश श्रीवास, राजेश महंत, संजू अग्रवाल, कृष्णा वैष्णव सहित अन्य सदस्यों ने विभिन्न सार्वजनिक गणेश पूजा समितियों को पत्र सौंपे।

सेना ने कहा कि पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के तिलक लगाने और गंगाजल उपलब्ध कराने के साथ धार्मिक वातावरण बनाए रखने पर ध्यान दिया जाए। साउंड सिस्टम में धार्मिक भजन और आरती को प्राथमिकता देने तथा अनावश्यक अथवा अमर्यादित गीतों से बचने की अपील की गई।

संगठन ने पूजा पंडालों में हौजी सहित अन्य खेल आयोजित किए जाने पर भी सवाल उठाया। इसके स्थान पर धार्मिक प्रश्नोत्तरी और संस्कृति आधारित गतिविधियां कराने का सुझाव दिया गया। छोटे बच्चों को फिल्मी या आपत्तिजनक गीतों पर नृत्य कराने के बजाय सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जोड़ने की अपील की गई।