17 सितंबर से एक माह चलेगा अभियान,51 हजार दीपों से रोशन होगा घंटाघर चौक
कोरबा। नगर पालिक निगम क्षेत्र में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विभिन्न सामाजिक और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली।
आयुक्त ने बताया कि अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटक, जबकि ‘आंगन का उत्सव’ में आंगनबाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद आयोजित किए जाएंगे। ‘कहानी बदलाव की’ और ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ भी अभियान का हिस्सा होंगे।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल-जन-सेवा संकल्प’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से नदी, घाट और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सहित विभिन्न सेवा कार्य किए जाएंगे।
अभियान के प्रमुख कार्यक्रम के तहत घंटाघर चौक स्थित तिरंगा स्थल के समीप 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
यहां प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़े सेवा संकल्प की थीम पर आशीर्वाद का दीया और भव्य रंगोली भी सजाई जाएगी। इसके साथ ही नगर निगम के सातों जोन के प्रत्येक वार्ड में घर-घर दीप प्रज्वलन होगा।
निगम सीमा के शासकीय कार्यालयों, भवनों, एसएलआरएम सेंटरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे।
बैठक में अपर आयुक्त पवन वर्मा, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, उपायुक्त नीरज कौशिक, जोन कमिश्नर तपन तिवारी, एन.के.नाथ,अखिलेश शुक्ला, लीलाधर पटेल, सुनील टांडे, रूचि साहू, लेखाधिकारी भवकांत नायक, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सहायक अभियंता मोतीलाल बरेठ, पीयूष राजपूत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















