नियमित वेतनमान की मांग को लेकर लघु वेतन कर्मचारियों का धरना

आश्रम-छात्रावासों में कार्यरत कलेक्टर दर कर्मचारियों के समायोजन की मांग, आईटीआई चौक पर प्रदर्शन के बाद सौंपा ज्ञापन

कोरबा। आश्रम एवं छात्रावासों में कलेक्टर दर पर कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को रिक्त पदों पर युक्तियुक्तकरण कर नियमित वेतनमान देने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ शासकीय लघु वेतन कर्मचारी संघ ने मंगलवार को आईटीआई चौक पर एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

संघ के अनुसार, आदिवासी विकास विभाग के आश्रम और छात्रावासों में रसोईया, जलवाहक और चौकीदार के पदों पर कर्मचारी लंबे समय से कलेक्टर दर पर सेवाएं दे रहे हैं। संघ की मांग है कि रिक्त पदों पर इन कर्मचारियों का युक्तियुक्तकरण कर उन्हें नियमित वेतनमान का लाभ दिया जाए।

संघ ने बताया कि इस संबंध में कलेक्टर (आदिवासी विकास) कार्यालय द्वारा 27 जून 2025 और 3 अगस्त 2026 को आदेश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। विभाग ने आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, नवा रायपुर से मार्गदर्शन मांगा है, लेकिन अब तक मार्गदर्शन नहीं मिला है।

संघ ने आरोप लगाया कि विभाग केवल पत्राचार तक सीमित है और कर्मचारियों की समस्या का समाधान नहीं हो रहा।

इसी मांग को लेकर 11 सितंबर तक नियमित वेतनमान का लाभ नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। इसके तहत मंगलवार को कर्मचारियों ने सांकेतिक धरना देकर अपनी मांगों की ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।